home page

ग्रामीण लाइब्रेरी व आधुनिक बस स्टॉपेज का प्रस्ताव पारित

 | 
ग्रामीण लाइब्रेरी व आधुनिक बस स्टॉपेज का प्रस्ताव पारित


हरिद्वार, 28 मार्च (हि.स.)। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, ग्रामीण सशक्तिकरण और पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई। बैठक में पंचायतीराज मंत्री मदन कौशिक के प्रतिनिधि के रूप में सुशील त्यागी ने सहभागिता की और विभिन्न प्रस्तावों पर अपने विचार रखे।

बैठक के दौरान ग्रामीण विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में मॉडर्न लाइब्रेरी की स्थापना, ग्रामीण इलाकों में आधुनिक बस स्टॉपेज का निर्माण तथा जल संचय को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण अंचल के सभी तालाबों के संरक्षण का प्रस्ताव प्रमुख रूप से रखा गया।

बोर्ड बैठक में इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। माना जा रहा है कि इन निर्णयों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और जल संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाए जा सकेंगे। इस अवसर पर सुशील त्यागी ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाना ही उनका संकल्प है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला