home page

अयोध्या संस्कृति कला उत्सव में भक्ति और कला का अद्भुत संगम, बना इंडिया स्टार वर्ल्ड रिकॉर्ड

 | 
अयोध्या संस्कृति कला उत्सव में भक्ति और कला का अद्भुत संगम, बना इंडिया स्टार वर्ल्ड रिकॉर्ड


हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय संस्कृति फाउंडेशन एवं मंगलम सेवा ट्रस्ट, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अयोध्या संस्कृति कला उत्सव भव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह आयोजन भारतीय कला, संस्कृति और भक्ति भाव का अद्वितीय संगम बना, जहां श्रीराम स्तुति पर दी गई विशेष प्रस्तुति के माध्यम से इंडिया स्टार वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया गया।

कार्यक्रम में कला और संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। मंगलम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह एवं भारतीय संस्कृति फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती मानवी शर्मा के मार्गदर्शन में प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से भक्ति और भारतीय परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के सफल संचालन में सचिव ऋतु शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि मीडिया प्रबंधन अभिषेक प्रखर द्वारा संभाला गया। मंच संचालन भावना ने प्रभावी और सशक्त ढंग से किया। वहीं आयोजन का समग्र प्रबंधन अनुष्का, लावण्या एवं अनंता प्रियंशी द्वारा कुशलता से किया गया, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सफल बन सका।

निर्णायक मंडल में सुभारती यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर (कथक) श्रीमती श्वेता चौधरी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

इस राष्ट्रीय स्तर के उत्सव में केरल, दिल्ली, गुजरात, ग्वालियर, मध्य प्रदेश, इंदौर और भोपाल सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

विशेष रूप से भारतीय संस्कृति फाउंडेशन, उत्तराखंड (हरिद्वार) की टीम ने आयोजन में अहम भूमिका निभाई। संस्था कथक और संगीत के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए बच्चों के सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

कार्यक्रम में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं वैष्णवी मिश्रा, प्रियांशी, रिद्धि, वंशिका मंडल, रितिका बिष्ट, आराध्या निषाद, भव्या अग्रवाल, तान्या अग्रवाल, जयती अग्रवाल, हर्षिता सिंह सहित अन्य कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया और उत्तराखंड का नाम रोशन किया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मान मंगलम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह, भारतीय संस्कृति फाउंडेशन की अध्यक्ष मानवी शर्मा एवं महामंत्री बेगराज सिंह एडवोकेट द्वारा संयुक्त रूप से वितरित किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला