home page

महाराणा प्रताप जयंती पर रक्तदान महा अभियान

 | 
महाराणा प्रताप जयंती पर रक्तदान महा अभियान


हरिद्वार, 09 मई (हि.स.)। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर ग्राम धारीवाला में आयोजित प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।

विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के सौजन्य से महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल में मां गंगे ब्लड बैंक ने रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

रक्तदान शिविर में कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। सुबह से ही रक्तदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता तथा ग्रामीण रक्तदान के लिए पहुंचे। आयोजकों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है, जिससे जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के त्याग, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और राष्ट्र सेवा ही महाराणा प्रताप को सच्ची श्रद्धांजलि है।

शिविर के सफल आयोजन पर ग्रामीणों ने विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और मां गंगे ब्लड बैंक की टीम का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का माहौल बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला