पाबौ को उपतहसील का दर्जा देने सहित विभिन्न समस्याओं के हल को पैदलयात्रा जारी
पौड़ी गढ़वाल, 09 मार्च (हि.स.)। पाबौ को उपतहसील का दर्जा देने सहित विभिन्न समस्याओं के हल की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट की नंगे पांव पदयात्रा जारी है। 2 मार्च को पीठसैण से शुरू हुई यह पदयात्रा सीएम आवास देहरादून तक जाएगी।
सोमवार को पदयात्रा के तहत पौड़ी पहुंचे गणेश भट्ट ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भटट ने बताया कि जुड़ेगा गढ़वाल, आएगी खुशहाली थीम के तहत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर यह पदयात्रा की जा रही है। बताया कि इससे पहले 2 जनवरी से 10 फरवरी तक 40 दिनों तक पाबौ में शांतिपूर्ण धरना दिया गया लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने डीएम को ज्ञापन देते हुए पाबौ ब्लॉक में उप जिला चिकित्सालय और उप तहसील की स्थापना, पहाड़ी क्षेत्र में एम्स अस्पताल खोलने, डोईवाला टोल टैक्स को समाप्त करने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों से हो रही जनहानि को रोकने के लिए सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की। पदयात्रा के दौरान गणेश भट्ट नंगे पांव चल रहे हैं और उनके पैरों में छाले भी पड़ चुके हैं। जिलाधिकारी ने उन्हें समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अडिग हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पदयात्रा तब तक जारी रहेगा जब तक वे देहरादून में मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं कर लेते। इस पदयात्रा में उनके साथ सहयोगी दिलबर सिंह नेगी भी पैदल चलकर उनका समर्थन कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

