home page

खिर्सू से भाई-बहन के स्नेह का संदेश, बहनों ने डॉ. रावत को बांधी राखी

 | 
खिर्सू से भाई-बहन के स्नेह का संदेश, बहनों ने डॉ. रावत को बांधी राखी


पौड़ी गढ़वाल, 19 अगस्त (हि.स.)। खिर्सू ब्लॉक सभागार में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से रक्षाबंधन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साह के साथ मंत्री को राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास व सम्मान का संदेश दिया।

रक्षाबंधन पर महिलाओं ने मंत्री डॉ. रावत के समक्ष क्षेत्र के विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाने की अपेक्षा रखी। मंत्री ने बहनों के स्नेह और विश्वास के प्रति आभार जताते हुए क्षेत्र के विकास को और गति देने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, महिलाओं को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण तथा सहकारिता क्षेत्र में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसकी शुरुआत खिर्सू मंडल से हुई है। उन्होंने रक्षाबंधन को केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित न बताते हुए इसे समाज में आपसी विश्वास, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला पर्व बताया।

मंत्री ने खिर्सू क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि ब्लॉक में स्टेडियम, महाविद्यालय भवन और छात्राओं के लिए छात्रावास का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं, विद्यार्थियों और महिलाओं की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।

समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष गीता रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष पौड़ी कमल किशोर रावत, मनीषा बहुगुणा, प्रमिला भंडारी, शशि जुयाल, हेमा नेगी, अंजली रावत, बासी देवी, कनिष्ठ प्रमुख आशा कंडारी, मेघा रावत, कृष्णा रावत और गंगोत्री देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान मीना गैरोला, प्रमिला भंडारी, मनीषा भांगड़ा, हेमा नेगी और गंगोत्री देवी समेत अनेक महिलाओं ने डॉ. धन सिंह रावत को राखी बांधी। महिलाओं की बड़ी भागीदारी और उत्साह के बीच आयोजित समारोह में रक्षाबंधन का पर्व स्नेह, विश्वास और क्षेत्र के विकास के संकल्प के साथ मनाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह