उत्तरकाशी में एसआईआर के तहत 88 प्रतिशत कार्य पूरा : आर्य
उत्तरकाशी, 25 अगस्त (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि जिले की तीन विधान सभा क्षेत्र में अंतिम चरण का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। जिले में अबतक एसआईआर के तहत 88 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है। जिसमें यमुनोत्री विधान सभा क्षेत्र में प्रेषित किए गए 19,594 नोटिसों के सापेक्ष 190,496 नोटिसों की सुनवाई पूरी कर ली गई है।
मंगलवार को एनआईसी कक्ष में पत्रकारों से वार्ता करते डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि जिले की पुरोला, यमुनोत्री व गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के 558 मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं निर्वाचन कार्मिक मुस्तैदी से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य कर रहे हैं। कहा जिले में प्रेषित कुल 63,717 नोटिसों के सापेक्ष 63,645 मतदाताओं को नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। जिनमें 60511 नोटिसों पर सुनवाई का कार्य पूरा हो गया है। कहा कि पुनरीक्षण कार्य के तहत बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है।
पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया भी की जा रही है। मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के संबंध में भी निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। कहा कि मतदाता अपने नाम, पते और आयु से संबंधित सही सूचनाएं अपने बीएलओ या ईआरओ को उपलब्ध करा सकते हैं। सभी त्रुटियों का संशोधन करने के बाद 15 सितंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत यदि किसी को नोटिस प्राप्त हुए हैं तो यह चिंता या संशय का विषय नहीं है नोटिस वितरण एसआईआर की प्रक्रिया में नाम , उम्र में संशोधन या अन्य त्रुटि को दूर करके निर्वाचक नामावली को शुद्ध, पारदर्शी बनाना है।
इस मौके पर एडीएम मुक्ता मिश्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा आदि मौजूद रहे।
5- मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता करते डीएम प्रशांत आर्य
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

