दिवंगत अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज राणा की मां को दी अंतिम विदाई
नैनबाग (टिहरी), 29 जून (हि.स.)।दिवंगत अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा की माता श्यामा देवी का आज नैनबाग स्थित यमुना नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। नम आंखों से स्थानीय लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर छाई रही। शोक में नैनबाग और सुमन क्यारी बाजार बंद रहा।
श्यामा देवी का बीते दिन दिल्ली के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। आज उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव चिलामू लाया गया। जहां ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान श्यामा देवी के साथ बिताए गए पलों को याद कर गांव की महिलाएं रो पड़ी। गांव का माहौल गमगीन रहा।
इसके बाद अंतिम यात्रा नैनबाग स्थित यमुना घाट पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके छोटे बेटे सुभाष राणा, दिवंगत जसपाल राणा के पुत्र युवराज सिंह ने दी। उनकी पुत्री सुषमा राणा सिंह ने भी कंधा देकर अपनी मां को भावभीनी विदाई दी।
अंतिम संस्कार में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, मसूरी नगर पालिका की अध्यक्ष मीरा सकलानी, जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, प्रधान मनीष चौहान, प्रदीप कवि, डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, गौरव तिवारी, गंभीर सिंह रावत, देशवाल सिंह पंवार, श्याम सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

