home page

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में छात्राओं के आंदोलन के बाद सात अतिथि शिक्षकों की तैनाती

 | 
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में छात्राओं के आंदोलन के बाद सात अतिथि शिक्षकों की तैनाती


नैनीताल, 05 सितंबर (हि.स.)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में शिक्षकों के रिक्त पदों पर सात अतिथि शिक्षकों की अस्थायी तैनाती की गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी आरएस नेगी ने बताया कि वार्षिक स्थानांतरण के फलस्वरूप रिक्त हुए पदों पर शासनादेशों के क्रम में प्रभावित अतिथि शिक्षकों को अस्थायी रूप से समायोजित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि गत 4 सितंबर को विद्यालय की छात्राओं ने अभिभावकों के साथ प्रदर्शन करते हुए ‘टीचर दो’ के नारे लगाये थे। माना जा रहा है कि इसके प्रभाव में ही शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए शिक्षकों की अस्थायी नियुक्ति फिलहाल कर दी है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालय में अतिथि प्रवक्ता के चार पदों पर राजनीति विज्ञान में मंजू सुनौरी, अंग्रेजी में सपना गोस्वामी, अर्थशास्त्र में शिखा पांडे और हिंदी में मुन्नी देवी की तैनाती की गई है। वहीं अतिथि सहायक अध्यापक के तीन पदों पर व्यायाम में हंसा शर्मा, विज्ञान में तृप्ता जोशी और हिंदी में हेमा देवी को तैनाती दी गई है। उन्होंने बताया कि सभी सात अतिथि शिक्षकों को एक सप्ताह के भीतर विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्हें प्रतिमाह 25 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। यह व्यवस्था पूर्णतः अस्थायी है और नियमित नियुक्ति होने पर स्वतः समाप्त हो जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी