home page

सात अगसत से लापता महिला की तलाशी बनी पुलिस के लिए चुनौती

 | 
सात अगसत से लापता महिला की तलाशी बनी पुलिस के लिए चुनौती


नई टिहरी, 16 अगस्त (हि.स.)। टिहरी जिले के लंबगांव थाना क्षेत्र से बीते 7 अगस्त को लापता चल रही महिला की तलाश में टिहरी पुलिस ने एसडीआरएफ के साथ मिलकर व्यापक सर्च अभियान जारी रखा। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। महिला की तलाश के लिए पुलिस ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों की भी मदद ले रही है।

एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि महिला की गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर तलाश के लिए टीम गठित की। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद ग्राम पंचायत जणगी और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीम ने कांबिंग शुरू की। महिला के नदी क्षेत्र में होने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और जल पुलिस को भी सर्च अभियान में शामिल किया गया। तलाशी अभियान के दौरान गांव से सटे घने जंगलों, नालों, पहाड़ी रास्तों व नदी किनारो सहित अन्य संभावित स्थानों को खंगाला जा रहा है।

एसडीआरएफ और जल पुलिस की मोटर बोट टीमें नदी और डैम के गहरे जल क्षेत्रों और नदी के बहाव वाले संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है। दुर्गम और ऐसे स्थानों तक पहुंचने के लिए जहां जमीनी टीमों का पहुंचना मुश्किल है। वहां ड्रोन कैमरों से हवाई सर्वेक्षण भी कराया गया है। एसएसपी चौबे ने बताया कि तलाशी अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। महिला की तलाश में पुलिस तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। महिला के मोबाइल को सर्विलांस और सीडीआर का विश्लेषण करने के साथ बैंक खाते व वित्तीय लेनदेन की जानकारी भी खंगाल रहे हैं। फेसबुक अकाउंट और अन्य डिजिटल फुटप्रिंट के जरिए संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने महिला के फोटो और विवरण वाले पर्चे सीमावर्ती थानों व आसपास के जिलों में भी भेजे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी