तिलवाड़ा में उफनती नदी के बीच फंसी तीन महिलाओं को एसडीआरएफ ने बचाया
रुद्रप्रयाग, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा क्षेत्र में उफनती नदी के बीच बने टापू पर फंसी तीन महिलाओं को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने साहसिक अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
एसडीआरएफ के अनुसार, सुबह सूचना मिली कि तीन महिलाएं लकड़ी एकत्रित करने के लिए नदी पार गई थीं। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वे बीच धारा में बने टापू पर फंस गईं। तेज बहाव के कारण उनके लिए स्वयं सुरक्षित बाहर निकलना संभव नहीं था। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से अपर उपनिरीक्षक हरीश बंगारी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। स्थिति का आकलन करने के बाद टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान तेज बहाव के बावजूद एसडीआरएफ के एक जवान ने सुरक्षा उपकरणों की सहायता से नदी पार कर टापू पर पहुंचकर महिलाओं तक पहुंच बनाई। इसके बाद टीम ने समन्वित प्रयासों से तीनों महिलाओं को सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया। रेस्क्यू की गई महिलाओं की पहचान रवीना देवी (25), गीता देवी (36) और पिंकी देवी (40) के रूप में हुई है। तीनों तिलवाड़ा क्षेत्र की निवासी हैं। एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और साहसिक बचाव अभियान से तीनों महिलाओं की जान सुरक्षित बच गई।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

