home page

मसूरी में एसडीआरएफ की नई पोस्ट शुरू, आपदा के समय मिलेगी त्वरित मदद

 | 
मसूरी में एसडीआरएफ की नई पोस्ट शुरू, आपदा के समय मिलेगी त्वरित मदद


देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन और त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने मसूरी में नई पोस्ट स्थापित की है। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने गुरुवार को नई पोस्ट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उद्घाटन के बाद सेनानायक ने पोस्ट पर तैनात जवानों के लिए उपलब्ध आवासीय और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जवानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

इस दौरान सेनानायक ने आपातकालीन परिस्थितियों में एसडीआरएफ की तत्परता और कार्यक्षमता परखने के लिए रेस्क्यू टीम के रिस्पॉन्स टाइम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा या आपातकालीन सूचना पर न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी और समन्वित तरीके से राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया जाए।

सेनानायक ने कहा कि प्रदेश के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर एसडीआरएफ की तैनाती का उद्देश्य आपदा के समय लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना और जनसुरक्षा को मजबूत बनाना है। मसूरी में नई पोस्ट स्थापित होने से क्षेत्र में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान एसडीआरएफ की पहुंच और रेस्क्यू क्षमता में और सुधार होगा।

इस अवसर पर सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत, उपनिरीक्षक गब्बर सिंह सहित एसडीआरएफ के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल