home page

चार्टन लॉज के भूस्खलन क्षेत्र के लिए ढाई वर्ष बाद 6.17 करोड़ की स्वीकृति

 | 
चार्टन लॉज के भूस्खलन क्षेत्र के लिए ढाई वर्ष बाद 6.17 करोड़ की स्वीकृति


नैनीताल, 01 मई (हि.स.)। सितंबर 2023 में नगर के चार्टन लॉज क्षेत्र में एक तीन मंजिले घर सहित बड़ा भूस्खलन हो गया था, और दर्जनों परिवार तब से बारिश होने पर भयग्रस्त बने हुए हैं। प्रभावित इलाके के सुरक्षात्मक कार्यों और सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए अब ढाई वर्ष से भी अधिक समय के बाद 6 करोड़ 17 लाख 83 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिली है।

इस पर विधायक सरिता आर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस स्वीकृति से वर्षों से खतरे में रह रहे दर्जनों परिवारों को राहत मिलेगी। ज्ञात हो कि जिला चिकित्सालय के समीप चार्टन लॉज क्षेत्र में पूर्व में हुए भूस्खलन से बड़ा भूभाग प्रभावित हुआ था, जिससे आसपास के सैकड़ों परिवारों पर भी खतरा बना हुआ था।

इस संबंध में सांसद अजय भट्ट और विधायक सरिता आर्या ने क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षात्मक कार्यों की आवश्यकता बताई थी और लगातार शासन स्तर पर मांग रखी जा रही थी। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नैनीताल क्षेत्र में पैदल मार्गों के निर्माण, विभिन्न चौराहों के चौड़ीकरण तथा मानसखंड मंदिर माला योजना के अंतर्गत नैना देवी मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण जैसे कई विकास कार्यों को गति दी गई है, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में सुधार हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी