एशियन वोविनाम चौंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चुने गये नैनीताल के सागर अधिकारी
नैनीताल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल के वोविनाम खिलाड़ी सागर सिंह अधिकारी का कंबोडिया में 24 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाली छठी एवीएफ एशियन वोविनाम चौंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है।
इधर वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पदाधिकारियों, कोच और सागर के परिजनों ने खेल मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। खेल मंत्री ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषि पाल भारती, उपाध्यक्ष एवं तकनीकी निदेशक देवेंद्र सिंह रावत और कोच विनोद वैद्य ने सागर के चयन को प्रदेश के लिए गौरव बताया। सागर ने हाल ही में जम्मू में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और खेल मंत्री का सहयोग मिला तो वह एशियन चैंपियनशिप में भी देश और उत्तराखंड के लिए स्वर्ण पदक जीतने का पूरा प्रयास करेंगे। आर्थिक कठिनाइयों के कारण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी को लेकर चिंता थी, लेकिन मंत्री के आश्वासन से उनका मनोबल बढ़ा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

