home page

रोटरी क्लब नैनीताल का चार तालों में विशाल स्वच्छता अभियान 3 मई को

 | 
रोटरी क्लब नैनीताल का चार तालों में विशाल स्वच्छता अभियान 3 मई को


नैनीताल, 30 अप्रैल (हि.स.)। रोटरी क्लब नैनीताल के तत्वावधान में आगामी 3 मई को प्रातः 8.30 बजे से सातताल, नवदमयंतीताल, भीमताल और नौकुचियाताल सहित आसपास के क्षेत्रों में वृहद स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। यह अभियान नगर पालिका परिषद भीमताल के सहयोग से संचालित होगा, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा गंदगी से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान में 16 विद्यालयों एवं संस्थानों के लगभग 350 छात्र-छात्राएं सक्रिय भागीदारी करेंगे, जिनमें लेक्स इंटरनेशनल स्कूल, वुडब्रिज स्कूल, जीजीआईसी भीमताल, जीआईसी भीमताल, हरमन माइनर विद्यालय एवं कॉलेज, एसओएस संस्था, माउंट एवरलम विद्यालय, पीएम सेंट्रल विद्यालय, जेसी बोस संस्था, बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल साइंसेज, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, मल्लिकार्जुन विद्यालय, जीडी गोयनका, बायोटेक्नोलॉजी कुमाऊं विश्वविद्यालय भीमताल, मैनेजमेंट विंग कुमाऊं विश्वविद्यालय तथा शिक्षा वसुंधरा नौकुचियाताल शामिल हैं। प्रतिभागियों को सफाई हेतु दस्ताने एवं गार्बेज बैग वितरित किए जाएंगे।

अभियान का समापन कार्यक्रम प्रातः 11 बजे लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल में आयोजित होगा, जहां प्रतिभागी संस्थानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने स्थानीय नागरिकों से भी अभियान में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी