लंबित वन भूमि प्रकरणाें काे तय समय में करें निस्तारित: डीएम
नई टिहरी, 24 अगस्त (हि.स.)। वन भूमि हस्तांतरण संबंधी बैठक लेते हुए डीएम नितिका खंडेलवाल ने लंबित 10 प्रकरणों पर चर्चा कर तय समय पर उनके निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि संबंधित अधिकारी क्षतिपूरक पौधरोपण और वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित मानकों का अध्ययन कर उसके अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करें।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम नितिका ने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए लैंड पार्सल से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका एक्सपर्ट से परीक्षण कराने के तीन दिन के भीतर प्रभारी वनाधिकारी को भूमि की उपयुक्तता के संबंध में अवगत कराएं। राज्य योजना के तहत टिहरी विधानसभा क्षेत्र में नैर से पुजाल्डी तक सड़क निर्माण के संबंध में एसडीएम धनोल्टी स्तर से भूमि चयन के बाद ग्राम घनसी तहसील नैनबाग से भूमि संबंधी प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाना है। प्रतापनगर में तेलुंगा सड़क के संबंध में डीएफओ द्वारा सांदणा उप तहसील मदननेगी की भूमि को क्षतिपूरक पौधरोपण हेतु उपयुक्त पाया गया है। एसडीएम
प्रतापनगर से प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाना है। प्रतापनगर क्षेत्र में रैंका-महरगांव से मुखेम सड़क के संबंध में वन विभाग टिहरी को तहसील जाखणीधार के ग्राम गौसारी के कुल तीन लैंड पार्सल क्षतिपूरक पौधरोपण हेतु प्राप्त हुए हैं। धनोल्टी क्षेत्र में मसोन, कांडी, द्वारगढ़, जयद्वार-सुरांचु तक मोटर मार्ग निर्माण को भूमि चयन के लिए 27 लैंड पार्सल की सूची प्रेषित की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

