home page

कैंची धाम पहुंचे प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास, पत्नी संग बाबा नीब करौरी के दर्शन कर मांगा आशीर्वाद

 | 
कैंची धाम पहुंचे प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास, पत्नी संग बाबा नीब करौरी के दर्शन कर मांगा आशीर्वाद


नैनीताल, 27 जून (हि.स.)। प्रसिद्ध कवि एवं वक्ता डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी पत्नी मंजू शर्मा के साथ विश्वप्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए और देश-प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ कर ध्यान लगाया तथा आश्रम की आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े विभिन्न स्थलों का अवलोकन किया। मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक प्रदीप साह 'भय्यू' ने उनका स्वागत करते हुए बाबा नीब करौरी महाराज की लीलाओं की जानकारी दी तथा उनसे संबंधित एक पुस्तक भी भेंट की।

डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि लंबे समय से उनकी कैंची धाम आने की इच्छा थी और बाबा के आशीर्वाद से आज यह मनोकामना पूरी हुई। उन्होंने इसे अपने जीवन का सौभाग्य बताया। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व उनकी बेटी भी अपने पति के साथ कैंची धाम दर्शन के लिए आई थी और पहाड़ आने का अवसर मिलने पर वह स्वयं भी बाबा के चरणों में शीश नवाने पहुंचे। डॉ. कुमार विश्वास के धाम पहुंचने की सूचना मिलते ही उनके प्रशंसकों की भीड़ मुख्य प्रवेश द्वार पर उमड़ पड़ी। उन्होंने सभी से आत्मीयता से मुलाकात की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी भी ली। दर्शन और श्रद्धालुओं से भेंट के बाद वह नोएडा के लिए रवाना हो गए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी