नैनीताल बैंक में विशेषज्ञ अधिकारियों के 41 पदों पर भर्ती, सात सितंबर तक आवेदन
नैनीताल, 18 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल बैंक लिमिटेड ने विशेषज्ञ अधिकारियों के 41 नियमित पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी सात सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि ऑनलाइन परीक्षा अक्टूबर में संभावित है। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 48,480 रुपये से 1,05,280 रुपये तक वेतनमान मिलेगा।
बैंक की 14 अगस्त की अधिसूचना के अनुसार भर्ती श्रेणी-1, श्रेणी-2 और श्रेणी-3 के कुल 41 पदों पर होगी। इनमें जोखिम अधिकारी, मानव संसाधन अधिकारी, सूचना प्रौद्योगिकी अधिकारी, आंकड़ा वैज्ञानिक, सिविल अभियंता-वास्तुविद्, ऋण प्रबंधक, विधि प्रबंधक, कंपनी सचिव, सुरक्षा अधिकारी तथा वरिष्ठ प्रबंधक स्तर के विभिन्न पद शामिल हैं।
श्रेणी-1 के अधिकांश पदों के लिए आयु सीमा 21 से 32 वर्ष, श्रेणी-2 के लिए 25 से 35 वर्ष और श्रेणी-3 के लिए 25 से 38 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना एक अगस्त 2026 के आधार पर होगी। अलग-अलग पदों के लिए वित्त, मानव संसाधन, कंप्यूटर विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी, आंकड़ा विज्ञान, विधि, सिविल अभियंत्रण तथा अन्य संबंधित विषयों में नियमित पूर्णकालिक डिग्री और निर्धारित अनुभव अनिवार्य है।
दूरस्थ, पत्राचार, अंशकालिक अथवा कार्यकारी एमबीए के माध्यम से प्राप्त योग्यताएं मान्य नहीं होंगी। श्रेणी-1 का वेतनमान 48,480 से 85,920 रुपये, श्रेणी-2 का 64,820 से 93,960 रुपये तथा श्रेणी-3 का 85,920 से 1,05,280 रुपये है। नियुक्ति से पूर्व चयनित अभ्यर्थियों को दो जमानतदारों के साथ तीन लाख रुपये का क्षतिपूर्ति बंधपत्र देना होगा तथा न्यूनतम दो वर्ष की सेवा करनी होगी।
भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा में 200 प्रश्न होंगे, जिनके लिए कुल 145 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा में तर्कशक्ति, अंग्रेजी भाषा, बैंकिंग पर आधारित सामान्य जागरूकता, व्यावसायिक ज्ञान और मात्रात्मक अभिरुचि से प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की कटौती होगी। आवेदन शुल्क सभी श्रेणियों के लिए 1,500 रुपये निर्धारित किया गया है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि एक अभ्यर्थी केवल एक पद के लिए ही आवेदन कर सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

