राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियां तेज, कांग्रेस ने किया आयोजन स्थल का निरीक्षण
देहरादून, 16 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गुरुवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गणेश गोदियाल ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर युवा वर्ग चिंतित है तथा राहुल गांधी इन मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी होगी और कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इसकी तैयारियों में जुटे हैं।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित कार्यक्रम को परेड ग्राउंड में अनुमति नहीं मिलने के कारण अब इसे बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक छात्रों और युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने भी राज्यभर के युवाओं से 17 जुलाई को देहरादून पहुंचकर राहुल गांधी के कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष करण माहरा, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, महामंत्री नवीन जोशी, कांग्रेस विधायक दल के उपनेत भवन कापड़ी कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, मनोज त्यागी, संत ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी, नेता प्रतिपक्ष उत्तराखंड यशपाल, आर्य पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी आदि मौजूद रहे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

