home page

22 सितंबर को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार संभालेंगे प्रो. सतपाल बिष्ट

 | 
22 सितंबर को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार संभालेंगे प्रो. सतपाल बिष्ट


नैनीताल, 20 सितंबर (हि.स.)। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के कुलपति प्रो. सतपाल बिष्ट 21 सितंबर को अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद 22 सितंबर को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार संभालेंगे। प्रो. बिष्ट पूर्व में कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग में प्रोफेसर रहे हैं, इस प्रकार उनका लंबे समय से कुमाऊं विश्वविद्यालय से अकादमिक एवं संस्थागत जुड़ाव रहा है। उन्होंने कुलपति के रूप में शिक्षण, शोध, नवाचार, विद्यार्थी-केंद्रित व्यवस्थाओं, मानव संसाधन और अवस्थापना विकास को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

एसएसजे विश्वविद्यालय में उनके कार्यकाल के दौरान अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत परिसरों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। चारों परिसरों के आधुनिकीकरण के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे गए, जबकि अत्याधुनिक प्रशासनिक भवन का निर्माण पूरा हुआ, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत परिसरों के लिए 244 शिक्षकीय एवं शिक्षणेत्तर पदों के सृजन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, वहीं अल्मोड़ा परिसर में विभिन्न पदों के कुल 89 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया।

शोध गतिविधियों को सुदृढ़ करने के लिए शोध समिति, शोध सलाहकार समिति और शोध उपाधि समिति गठित की गई तथा मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना और यूकॉस्ट के माध्यम से शोध परियोजनाओं को स्वीकृति मिली। हैप्पीनेस लैब, देवभूमि उद्यमिता केंद्र और स्वामी विवेकानंद-महात्मा गांधी आध्यात्मिक पर्यटन परिपथ अध्ययन केंद्र जैसी पहलें भी शुरू की गईं। परीक्षा सुधार के तहत वर्ष 2026 में परीक्षाएं 36 दिनों में पूरी हुईं और पहला परिणाम 20 जून को घोषित किया गया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत स्नातक पाठ्यक्रमों के परिणाम प्रदेश में सबसे पहले घोषित किए जाने पर उच्च शिक्षा मंत्री ने विश्वविद्यालय को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। 18 जून को प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान ‘विधि सहयोगी ऐप’ और ‘पत्रकारिता रू भविष्य, संभावनाएं एवं चुनौतियां’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। विद्यार्थियों को निःशुल्क उच्च शिक्षा, ड्रोन प्रशिक्षण, आधुनिक शिक्षण सुविधाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य हुआ।

एसएसजे विश्वविद्यालय के संस्थागत विकास के अनुभव के साथ प्रो. बिष्ट अब कुमाऊं विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी