कुंजापुरी पर्यटन व विकास मेले में प्रियंका और हेमा का जलवा
नई टिहरी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। 50वें कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की छठी सांस्कृतिक संध्या लोक गायिका प्रियंका मेहर और जागर गायिका हेमा नेगी करासी के नाम रही। दोनाें की प्रस्तुतियों पर दर्शक जमकर झूम उठे। प्रियंका के ‘फूल खिलाला’, ‘रम झमा’ और ‘मैत वाली दिसा’ आदि गीतों ने युवाओं को थिरकने पर मजबूर किया, जबकि हेमा नेगी करासी के ‘मेरी बामणी’ और ‘कांचनी कैलाश’ आदि गीतों पर खूब तालियां बजी।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि कुंजापुरी मेला धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहर का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। प्रियंका मेहर ने ‘फूल खिलाला’, ‘रम झमा’, ‘मैत वाली दिसा’, ‘घूमू घालू’ और ‘लड़का कुमाऊं को’ गीतों की प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर युवा जमकर झूमते रहे।
इसके बाद जागर गायिका हेमा नेगी करासी ने मां कुंजापुरी के भजनों और पारंपरिक आछरी जागरों की प्रस्तुति दी। उन्होंने ‘सोबनु’, ‘मेरी बामणी’, ‘कांचनी कैलाश’, ‘नंदा के जगराते’ और ‘घस्यारी’ गीत सुनाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पवार, महेश गोसाईं, द्वारिका प्रसाद जोशी, प्रकाश चंद्र रमोला, सभासद साकेत बिजल्वाण, सचिन भंडारी, ममता, आशा, विनीता, रवि नेगी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

