home page

नैनीताल के 109 गांव में मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने  की याेजना पर हाेगा कार्य

 | 
नैनीताल के 109 गांव में मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने  की याेजना पर हाेगा कार्य


नैनीताल, 21 अगस्त (हि.स.)। मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने जनपद के सर्वाधिक प्रभावित 109 गांवों को चिह्नित कर वहां उच्च गुणवत्ता वाली बाड़ और सौर प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने का निर्णय लिया है। प्रशासन ने किसानों की फसलों तथा जन-धन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि पिछले पांच से दस वर्षों के दौरान मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं का अध्ययन कर वन, कृषि और उद्यान विभाग की संयुक्त टीम ने सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित किया है। इन गांवों में से घनी खेती वाले क्षेत्रों और लगातार वन्यजीवों के हमलों को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। जिला योजना के अंतर्गत ऐसे गांवों में बाड़ लगाने और सौर प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने का कार्य तेज गति से कराया जा रहा है। इसके अलावा खनन न्यास से ढाई करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है, ताकि सभी चिह्नित गांवों में शत-प्रतिशत बाड़ और प्रकाश व्यवस्था का कार्य पूरा किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले वर्ष जनपद में मानव-वन्यजीव संघर्ष के कारण कई लोगों की मृत्यु हुई और अनेक लोग घायल हुए, जबकि जंगली जानवरों ने कृषि और बागवानी की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि जहां आवश्यकता होगी वहां पिंजरे लगाने, सौर प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने और बाड़ लगाने जैसे उपायों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनका कहना था कि जनपद में किसानों की आजीविका और लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी