home page

नैनीताल में विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी तेज, सभी दलों को बीएलए नियुक्ति के निर्देश

 | 
नैनीताल में विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी तेज, सभी दलों को बीएलए नियुक्ति के निर्देश


नैनीताल, 27 मार्च (हि.स.)। नैनीताल जनपद में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में नैनीताल के जिला निर्वाचन अधिकारी-जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों तथा उनके बीएलए यानी बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा संभावित है। इसके दृष्टिगत उन्होंने सभी राजनीतिक दलों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बीएलए की शीघ्र शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करें और उन्हें बूथ स्तरीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सक्रिय रूप से कार्य करने को कहें। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों के 1010 मतदेय स्थलों में से अब तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 793 तथा भारतीय जनता पार्टी ने 959 बीएलए नियुक्त किए हैं। अन्य दलों से भी शीघ्र नियुक्ति करने की अपेक्षा की गई है।

उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण की प्रारंभिक प्रक्रिया के अंतर्गत बूथ स्तरीय अधिकारियों द्वारा वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली का वर्तमान सूची से मिलान किया जा रहा है, जिसमें कुल 787991 मतदाताओं में से 694532 मतदाताओं यानी लगभग 88.14 का मिलान पूर्ण हो चुका है। साथ ही मतदाता जागरूकता के लिए घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है। बैठक में “बुक ए कॉल विद बीएलओ” डिजिटल सुविधा की जानकारी भी दी गई, जिसके माध्यम से मतदाता सीधे अपने बूथ स्तरीय अधिकारी से संपर्क कर नाम जोड़ने, संशोधन कराने सहित अन्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।

इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पांडे, तहसीलदार-नैनीताल अक्षय भट्ट सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी