home page

नैनीताल में 20 घंटों से विद्युत आपूर्ति ध्वस्त

 | 
नैनीताल में 20 घंटों से विद्युत आपूर्ति ध्वस्त


नैनीताल, 16 मार्च (हि.स.)। जनपद एवं मंडल मुख्यालय नैनीताल में विद्युत व्यवस्था अब भी प्रकृति के कोप पर निर्भर है। हल्की बारिश भी यहां विद्युत आपूर्ति और उसके साथ पेयजल की आपूर्ति के साथ ही अन्य सेवाएं भी बाधित हो जाती है।

नगर में रविवार की सुबह के बाद रात्रि में फिर हुई बारिश व ओलावृष्टि के साथ कई स्थानों पर पेड़ और उनकी शाखाओं के गिरने से यातायात व्यवस्था के साथ विद्युत आपूर्ति ध्वस्त हो गयी और लगभग 20 घंटों के बाद भी सोमवार शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पायी है। इस कारण नगर में पेयजल की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, साथ ही बिजली पर निर्भर अन्य सुविधाएं भी प्रभावित हुई हैं।

लोग जरूरी कागजातों के फोटो स्टेट करने के लिये भी इधर-उधर भटकने को मजबूर रहे। जबकि विद्युत कर्मी दिन भी बिजली की क्षतिग्रस्त पारेषण लाइनों में आई खराबी को ढूंढने में जुटे रहे।

विद्युत वितरण खंड नैनीताल के उप खंड अधिकारी पर्यंक पांडे ने बताया कि कमी को तलाशने की भरसक कोशिश की जा रही है। फिलहाल पूरे नगर में विद्युत आपूर्ति बाधित है।

अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र मल्लीताल की टीम ने सोमवार को दो स्थानों पर सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। अग्निशमन विभाग के अनुसार सोमवार को भवाली मार्ग पर भूमियाधार और हल्द्वानी मार्ग पर बेलुवाखान और बल्दियाखान क्षेत्र के पास एक-एक विशाल पेड़ सड़क पर गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर यूनिट मौके पर पहुंची और वुड कटर की सहायता से पेड़ को काटकर मार्ग से हटाया, जिससे यातायात सुचारु किया गया।

इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन नैनीताल के पास भी एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिरने की सूचना प्राप्त हुई। अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची लेकिन इससे पहले ही वन विभाग की टीम पेड़ को काटकर मार्ग से हटाकर यातायात पहले ही सुचारु कर चुकी थी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी