यमुनोत्री धाम समेत 12 से अधिक गांव में बिजली गुल
उत्तरकाशी, 12 अगस्त (हि.स.)। तहसील बड़कोट क्षेत्र के सिलाई बैंड-पाली गाड़ के बीच मंगलवार देर रात पेड़ गिरने से 33 केवी विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में विद्युत लाइन के साथ बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते यमुनोत्री धाम समेत गीठ पट्टी क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।
पेड़ गिरने से विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होते ही गीठ पट्टी क्षेत्र के गांवों में अंधेरा पसर गया।
बिजली आपूर्ति ठप होने से स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही यमुनोत्री धाम क्षेत्र में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलने के बाद ऊर्जा निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त लाइन एवं बिजली के पोल को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। ऊर्जा कर्मियों द्वारा विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।
विभागीय कर्मचारियों के अनुसार लाइन और पोल की मरम्मत पूरी होने के बाद ही क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारु हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

