उत्तराखंड वित्त सेवा के तीन अधिकारियों के प्रभार बदले
देहरादून, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड शासन के वित्त विभाग ने कार्यहित में वित्त सेवा संवर्ग के तीन अधिकारियों के प्रभार में बदलाव करते हुए नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश बुधवार को वित्त अनुभाग-6 की ओर से जारी किया गया।
आदेश के अनुसार गंगा प्रसाद को निदेशक, विभागीय लेखा, उत्तराखंड, देहरादून के मूल प्रभार से हटाकर निबंधक, फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स देहरादून के पद पर तैनात किया गया है। उन्हें अपर सचिव, वित्त विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। हर सिंह बोनाल को वर्तमान पद के साथ निदेशक पंडित दीनदयाल उपाध्याय सेंटर फॉर ट्रेनिंग एंड रिसर्च इन फाइनेंशियल एडमिनिस्ट्रेशन, देहरादून, अपर निदेशक, कोषागार, पेंशन एवं हकदारी, देहरादून का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही वित्त नियंत्रक, लोक निर्माण विभाग एवं लघु उद्योग, मुख्य महाप्रबंधक (वित्त), ब्रिडकुल व वित्त नियंत्रक, बीआईयू परियोजना का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा।
वहीं, जयपाल सिंह तोमर, जो वित्त निदेशक, पेयजल निगम, देहरादून के पद पर कार्यरत थे, को निदेशक, विभागीय लेखा, उत्तराखंड, देहरादून के पद पर तैनात किया गया है। उन्हें वित्त निदेशक, पेयजल निगम, महाप्रबंधक (वित्त), उत्तराखंड मेट्रो और वित्त निदेशक, एसएमसीजी नमामि गंगे का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त प्रभार के लिए कोई अतिरिक्त वेतन-भत्ता देय नहीं होगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

