home page

एसआईआर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया

 | 

देहरादून, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने सोमवार को देहरादून स्थित पार्टी कार्यालय में निर्वाचन आयोग की एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के संबंध में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया से अवगत कराना व प्रत्येक पात्र मतदाता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष हाजी सुलेमान अंसारी ने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रत्येक जरूरतमंद मतदाता तक पहुंचेगा और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का संकल्प है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटने दिया जाएगा।

अंसारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दूसरे चरण अर्थात नोटिस जारी होने की स्थिति में मतदाताओं की सहायता के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग द्वारा एक केंद्रीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा, जिससे प्रभावित मतदाताओं को समय पर मार्गदर्शन और सहयोग मिल सके।

प्रशिक्षण सत्र में पूर्व विधायक मनोज रावत ने एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम और उसके साथ लगने वाला फॉर्म 04 तथा फार्म 7 की प्रक्रिया पर जानकारी दी। साथ ही मतदाता सूची का नियमित सत्यापन करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक आवेदन करने की भी जानकारी दी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल