शहीद दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरदार भगत सिंह को दी श्रद्धांजलि
हरिद्वार, 23 मार्च (हि.स.)। शहीद दिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार (ओबीसी विभाग) एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने आज भगत सिंह चौक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए।
इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि 23 मार्च का दिन भारत के इतिहास में शौर्य और बलिदान का प्रतीक है। इसी दिन देश के तीन वीर सपूत भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमकर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उन्होंने कहा कि 1931 की वह शाम आज भी देशवासियों को गर्व और साहस की याद दिलाती है।
उन्होंने कहा कि आज देश में कुछ फिरकापरस्त ताकतें नफरत का जहर घोलने का काम कर रही हैं और शहीदों के सपनों को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं, जिससे आपसी सौहार्द बिगड़ रहा है।वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, संजय सैनी, ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव और ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि शहीदों ने देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। हमें उनकी दी हुई आजादी की कीमत समझते हुए देश की सेवा में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर अशोक शर्मा, पार्षद सुनील कुमार, सुरेन्द्र ठाकुर, तेलूराम प्रधान, अनंत पांडेय, तीर्थ भाटिया, चन्दन शर्मा, तीर्थ पाल रवि, सी.पी. सिंह, श्रीमती सरिता शर्मा, जावेद आलम, कमल सैनी, शुभम रावत, आनंद राठौर, सतेंद्र वर्मा, राजीव जोशी, सोनू सैनी, सोनू गुंसाई, संजय यादव, आकाश कश्यप, दीपिका गुप्ता, अमित गुप्ता, दीपक गौतम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

