अधिकारी नहीं सुन रहे जन समस्याएं, कांग्रेस ने लगाया आराेप
हरिद्वार, 03 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन के साथ हुई बैठक में अधिकारियाें पर जन समस्याएं न सुनने का आराेप लगाया। पत्रकारवार्ता के दौरान पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि सीसीआर में बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा जनहित के मुद्दे नहीं सुने गए। उन्होंने कहा कि रोडवेज बस स्टैंड स्थानांतरित नहीं होना चाहिए। जब बस स्टैंड से स्थानीय लोगों को परेशानी नहीं है तो शासन प्रशासन को किस प्रकार की परेशानी है। बस स्टैंड के पास ही हाईवे भी है और रेलवे स्टेशन भी है। यात्रियों को सब कुछ नजदीक ही मिल रहा है। जनता के हित की बात होनी चाहिए।
तत्कालीन मेयर अनीता शर्मा ने शासन को अस्पताल के लिए मुफ्त में भूमि दी लेकिन अभी तक अस्पताल में जनता के सुविधानुसार कार्य नहीं हो रहा है। सीवर लाइन की सफाई समय से नहीं होने पर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रोडवेज बस स्टैंड के बाहर वेश्यावृत्ति बहुत हो रही है। लोगों का शाम को निकलना भी मुश्किल है। कोई आवाज उठाए तो अधिकारी उस पर निजी हित का आरोप लगा देते हैं। सांसद, विधायक आंखे बंद कर बैठे हैं। पार्षद सुनील, विवेक भूषण विक्की ने कहा कि अर्धकुंभ को कुंभ बताकर बजट के बंदरबांट की तैयारी चल रही है। धार्मिक मान्यताओं के साथ खिलवाड़ हो रहा है। अस्पतालों में शवों को चूहे खा रहे हैं। ज्वालापुर क्षेत्र को कुंभ क्षेत्र घोषित किया जाए।
पार्षद हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी ने कहा कि गृहमंत्री के स्वागत के लिए 35 लाख का शौचालय ही तोड़ दिया। भाजपा सरकार बजट को ठिकाने लगाने में लगी हुई है। पूरा शहर खोदकर छोड़ दिया है। चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है। सीवर सफाई भी नहीं की जा रही है। पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार, सुंदर सिंह मनवाल ने कहा कि उनके क्षेत्र में बड़े नाले का कार्य रोक दिया गया है जिसके कारण लोग समस्याओं में हैं। जनहित के कार्य होने चाहिए। इस अवसर पर सतेंद्र वशिष्ठ, राजकुमार ठाकुर, नितिन शर्मा, रामकुमार राजपूत, दीपक कोरी आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

