कांग्रेस कर रही ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर जनता को गुमराह: तिवारी
हरिद्वार, 08 मई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि लगातार जनता द्वारा नकारे जाने के बाद राजनीतिक हताशा में कांग्रेस पार्टी साजिशें रचने में जुटी हुई है।
उन्होंने कहा कि कल चंपावत की घटना इसका शर्मनाक और जीता-जागता प्रमाण है। पुलिस की शुरुआती जांच के बाद यह शीशे की तरह साफ हो गया है कि भाजपा कार्यकर्ता को एक झूठे और फर्जी घिनौने प्रकरण में फंसाने का प्रयास किया गया।
तिवारी ने कहा कि सबसे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण और षड्यंत्रकारी रवैया कांग्रेस पार्टी और विशेषकर प्रदेश अध्यक्ष का रहा। बिना किसी जांच और ठोस तथ्यों के भाजपा कार्यकर्ता पार्टी को बदनाम करने का प्रयास किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के निर्देश पर तत्काल जगह-जगह प्रदर्शन कराए गए और झूठा व बेबुनियाद नैरेटिव फैलाया गया। उनका कहना था कि इसका एकमात्र उद्देश्य भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र की छवि खराब करना था।
विकास तिवारी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने इस तरह का नकारात्मक और षड्यंत्रकारी प्रयास किया हो। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2026 के पहले चार महीनों में यह तीसरी बड़ी घटना है, जिसमें कांग्रेस द्वारा भाजपा संगठन और सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की गई।
उन्होंने कहा कि जनवरी माह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तिलक राज बेहड़ के बेटे द्वारा स्वयं पर हमला करवाने का मामला सामने आया था, लेकिन उसमें भी कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाकर राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास किया।
इसके अलावा हाल ही में विधायक अरविंद पांडे के नाम से वायरल हुए कथित फर्जी पत्र को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा पत्रकार वार्ता कर भाजपा पर आरोप लगाए गए, जबकि बाद में स्वयं अरविंद पांडे ने उस पत्र को फर्जी बताया। इसके बावजूद कांग्रेस नेता सोशल मीडिया के माध्यम से झूठ फैलाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
तिवारी ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी कांग्रेस ने पावन धामों की छवि, अपराध से जुड़ी फर्जी रिपोर्टों और विकास के गलत आंकड़ों के जरिए पूरे उत्तराखंड की छवि खराब करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को राजनीतिक जवाब देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

