home page

जन समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें : देशराज

 | 
जन समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें : देशराज


हरिद्वार, 07 मई (हि.स.)। रोशनाबाद स्थित विकास भवन सभागार में गुरुवार को राज्यमंत्री एवं उत्तराखण्ड समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद हरिद्वार के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित डॉ. भीमराव अम्बेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविरों में प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई।

बैठक में राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अन्त्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 11 मई से अवशेष ग्रामों में पुनः डॉ. भीमराव अम्बेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सभी रेखीय विभाग प्रतिभाग कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी फ्रिंचाराम चौहान, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध कुमार शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला