home page

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अंतिम छोर तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ: मदन कौशिक

 | 
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अंतिम छोर तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ: मदन कौशिक


हरिद्वार, 23 मार्च (हि.स.)। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर सोमवार को जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल कार्यक्रम ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन का देहरादून से लाइव प्रसारण भी किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में सरकार ने बीते चार वर्ष में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा है, जिसका लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं तथा लघु एवं बड़े उद्योगों को भी प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए घाटों के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

कार्यक्रम में नगर निगम की मेयर किरण जैसल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं और महिलाएं विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी भागीदारी निभा रही हैं। राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है और जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने भी सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की प्रकाशित विकास पुस्तिका संकल्प से सिद्धि : विकसित उत्तराखंड - बेमिसाल विकास और नई पहल के चार वर्ष का विमोचन भी किया। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। सहकारिता विभाग के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारी किसान योजना के अंतर्गत 50 लाभार्थियों को कुल 56.13 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। लघु उद्योग विभाग के हथकरघा एवं हस्तशिल्प में जिला स्तर पर पुरस्कार प्राप्त करने वाले 14 लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा 40 महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई, जबकि समाज कल्याण विभाग ने 9 दिव्यांगजनों को बैसाखी, छड़ी और व्हीलचेयर प्रदान की।

इसके अलावा कार्यक्रम में एनआरएलएम और आरईपी के अंतर्गत 25 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को क्लाउड किचन का प्रशिक्षण दिया गया तथा व्यवसाय शुरू करने के लिए चार महिलाओं को दो-दो लाख रुपये के मुद्रा लोन के चेक प्रदान किए गए। खेल विभाग की ओर से आयोजित मैराथन दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अंडर-16 और ओपन वर्ग के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलाें का भी अतिथियों ने निरीक्षण किया। इस माैके पर जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभागों के लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आम जनता को योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, वहीं जिला सूचना कार्यालय ने योजनाओं से संबंधित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम का संचालन नरेश चौधरी ने किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार वर्मा, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सरिता पंवार, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरांग सहित कई अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला