home page

बैरियर तोड़कर भागे गांजा तस्कर मुरादाबाद से गिरफ्तार, भेजे जेल

 | 
बैरियर तोड़कर भागे गांजा तस्कर मुरादाबाद से गिरफ्तार, भेजे जेल


पौड़ी गढ़वाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। धुमाकोट में पुलिस चेकिंग के दौरान बैरियर तोड़कर फरार हुए गांजा तस्करी के चार आरोपितों को पौड़ी पुलिस ने मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की स्विफ्ट डिजायर कार से पुलिस ने 81.63 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। घटना के बाद से ही पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष धुमाकोट सुनील पंवार ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस टीम रात के समय वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कार सवारों ने रुकने के बजाय बैरियर तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा किया, लेकिन आरोपी कुछ दूरी पर कार छोड़कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 81.63 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज किए। पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को पौड़ी लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई और न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद चारों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह