home page

महोत्सव में सुरक्षा को लेकर पुलिस की पैदल गश्त और जागरूकता अभियान

 | 
महोत्सव में सुरक्षा को लेकर पुलिस की पैदल गश्त और जागरूकता अभियान


नैनीताल, 21 सितंबर (हि.स.)। नंदा देवी महोत्सव के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन के लिए नैनीताल पुलिस की ओर से मेला क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस बल कानून व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा के लिए तैनात है।

एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र रावत पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पुलिस की ओर से मेला परिसर में उद्घोषणा और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से लोगों को अपने पर्स, मोबाइल और आभूषण जैसे कीमती सामान के साथ बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार मेला क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और आगंतुकों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी