मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर निरंतर कार्य करने की ली गई शपथ
नई टिहरी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर लंढौर कम्युनिटी हॉस्पिटल, मसूरी की ओर से थत्यूड़ के डीआरसी ढाणा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मरीजों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए।
हॉस्पिटल ने पहाड़ी क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों तक मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प लिया। शुक्रवार को थत्यूड़ में आयोजित कार्यक्रम में मनोचिकित्सक डॉ. राजा पॉलराज ने शुभारंभ कर मानसिक स्वास्थ्य को जीवन का महत्वपूर्ण पहलू बताया। कहा कि मानसिक परेशानियों को समझना, जरूरतमंदों की बात धैर्यपूर्वक सुनना और उन्हें उचित सहयोग देना बेहद जरूरी है। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करने से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और जरूरतमंदों को मदद लेने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
प्रोग्राम मैनेजर डेविड अब्राहम, काउंसलर आरोमा ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर संचालित कार्यक्रमों से रूबरू कराया। हॉस्पिटल के प्रशासक पॉप राव ने भी जरूरी जानकारी दी। इस दौरान सामूहिक गीत, नाटक और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। मरीजों ने अपने जीवन में आई चुनौतियों और अनुभवों को साझा किया, वहीं बुजुर्गों ने भी अपने अनुभवों के माध्यम से उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
समापन पर प्रतिभागियों ने मोमबत्तियां प्रज्वलित कर मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर निरंतर कार्य करने की शपथ ली। कार्यक्रम संयोजक डेविड अब्राहम ने सफल आयोजन पर आभार जताया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, ग्राम प्रधान प्रमिला देवी, विनोद राणा, विपुल चौहान, दीपेंद्र रावत, शिवदास मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

