पिथाैरागढ़ में लगातार बारिश से जन-जीवन प्रभावित
पिथौरागढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को जिला आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर मौसम और आपदा की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर बारिश, संभावित आपदा और तैयारियों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़क अवरोध, भूस्खलन अथवा किसी अन्य आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
डीएम ने आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने और सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर आईआरएस (इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम) सक्रिय कर दिया गया है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही बिना विलंब प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
जिला आपदा परिचालन केंद्र को सभी क्षेत्रों से मौसम और आपदा संबंधी सूचनाएं लगातार प्राप्त कर तत्काल संज्ञान लेने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल जिले में आपदा संबंधी स्थिति सामान्य है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल

