home page

पेंशनरों के पहचान पत्र और शहर की यातायात व्यवस्था पर अधिकारियों से मिले पेंशनर

 | 
पेंशनरों के पहचान पत्र और शहर की यातायात व्यवस्था पर अधिकारियों से मिले पेंशनर


नैनीताल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय पेंशनर कल्याण एसोसिएशन नैनीताल के शिष्टमंडल ने बुधवार को कोषाधिकारी और नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी से मुलाकात कर पेंशनरों के पहचान पत्र जारी करने तथा शहर की यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।

कोषाधिकारी से मुलाकात के दौरान उत्तराखंड शासन के पेंशनरों को पहचान पत्र जारी करने संबंधी निर्देशों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी ली गई। कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशन निदेशालय से मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी नहीं होने के कारण अभी कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है।

इसके बाद शिष्टमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात का प्रयास किया। उनके कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर पुलिस की नगर क्षेत्राधिकारी से वार्ता की गई। इसमें शहर की अनियंत्रित यातायात व्यवस्था, मल्लीताल घोड़ा स्टैंड से नैनीताल क्लब चौराहे तक एकतरफा यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और विभिन्न चिह्नित स्थानों पर नशेड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई गई। नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।

शिष्टमंडल में मंजू बिष्ट, त्रिलोक रौतेला, ललित मोहन पांडे, केएस कार्की, रत्न सिंह जंतवाल, घनश्याम बिष्ट, निर्मल पांडे, प्रगति साह, सुनील साह, होशियार मेहरा, सीमा साह, रेखा त्रिवेदी और दीपा बिष्ट सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी