home page

नशे के लिए चोरी करने वाले दो किशारों को संरक्षण में लिया

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 29 अप्रैल (हि.स.)। पैठाणी क्षेत्र में बीते दिनों हुई एक के बाद एक हुई चोरी की घटनाओं का पौड़ी पुलिस खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक नशे की लत को पूरा करने के लिए किशोरों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। किशोरों ने चोरी के घर में शराब भी पी और खाना भी बनाया।

थानाध्यक्ष पैठाणी सुनील रावत ने बताया कि बीती 24 अप्रैल को सरस्वती शिशु मंदिर चाकीसैंण के प्रधानाचार्य विश्वम्भर दत्त नौटियाल ने थाना पैठाणी पर शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें उन्होंने बताया था कि 23 अप्रैल की रात को अज्ञात चोरों द्वारा स्कूल में आलमारियों का ताला तोडकर 16 हजार पांच सौ की नगदी, कम्यूटर का सीपीयू, अग्निशमन यंत्र चोरी कर लिए गए है। बताया कि 27 अप्रैल को चाकीसैंण निवासी प्रभाकर गौड ने भी तहरीर देकर बताया था कि उनकी स्कूटी को ग्राम मैली में सडक किनारे से रात्रि में चोरी किया गया है।

पीड़ितों की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटनाओं में शामिल 2 किशोरों को चेकिंग के दौरान गोदा गांव, बुंखाल मन्दिर रोड के पास से संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में दोनों किशोरों ने इन दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। बताया कि पुलिस टीम ने नाबालिग बालकों के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी, एक सीपीयू, अग्निशमन यंत्र के साथ साथ सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए।

बताया कि आभूषणों के संबंध में किशोरों से पूछताछ पर किशोरों ने बताया कि उन्होंने 22 अप्रैल को ग्राम मैली स्थित एक बंद घर का ताला तोड़कर वहां से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी चोरी की थी। किशोरों ने बताया कि उन्होंने उसी घर में चोरी के दौरान खाना बनाकर खाना खाया व वहां रखी शराब की बोतल से शराब भी पी और कुछ शराब की बोतलो को अपने साथ ले गए थे। बताया कि इस घटना के संबंध में थाने पर कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है लेकिन पुलिस टीम द्वारा इस विषय में आवश्यक जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक दोनों किशोर नशे के आदी होने के चलते गांजा, शराब पीने के लिए अपनी जरूरतों के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। बताया कि दोनों किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उनि उत्तम रमोला, अउनि आनन्द सिंह खरोला,हेकानि राजेंद्र सिंह, कानि अमित कुमार, हर्षवर्धन सती, हर्षपाल शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह