पौड़ी में मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता अभियान, 31 जुलाई को होगा विधिक साक्षरता शिविर
पौड़ी गढ़वाल, 30 जुलाई (हि.स.)। विश्व मानव तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल 31 जुलाई को मानव तस्करी के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित करेगा। शिविर दोपहर 1:30 बजे अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सभागार (लक्ष्मीनारायण मंदिर के निकट), पौड़ी में आयोजित होगा।
शिविर में विशेषज्ञ मानव तस्करी की पहचान, रोकथाम, पीड़ितों के कानूनी अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता तथा इस अपराध की रोकथाम में समाज और नागरिकों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी देंगे। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का कहना है कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जिसके प्रति जागरूकता और समय पर कानूनी जानकारी ही प्रभावी रोकथाम का सबसे बड़ा माध्यम है।प्राधिकरण ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेकर मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

