home page

टिहरी बांध पुनर्वास के 90 से अधिक प्रकरणों पर हुई चर्चा

 | 
टिहरी बांध पुनर्वास के 90 से अधिक प्रकरणों पर हुई चर्चा


नई टिहरी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। नई टिहरी, 8 अक्तूबर (नवोदय टाइम्स) : टिहरी बांध विस्थापितों-प्रभावितों के पुनर्वास से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर विधायक किशोर उपाध्याय और डीएम/पुनर्वास निदेशक नितिका खंडेलवाल की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान कुल 90 मामलों पर चर्चा हुई। पुनर्वास निदेशक ने अधिकारियों को पत्रावलियों पर आवश्यक रिपोर्ट लगाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिला सभागार में आयोजित बैठक में केमसारी टिनशेड के संबंध में पात्र परिवारों के चिन्हीकरण व समस्याओं पर विधायक किशोर ने पुनर्वास निदेशालय को पात्र परिवारों का चिन्हीकरण कर समस्याओं का परीक्षण करने, आवंटन के लिए नियमों के तहत कार्यवाही करने को कहा।

उन्होंने पुनर्वास विभाग, सभासदों व संबंधित पक्षों को शामिल करते हुए समिति गठित कर इसी माह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। जिससे पात्र परिवारों को टिनशेड आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। कठियाल गांव के प्रतिनिधिमंडल ने टीएचडीसी द्वारा समझौते के तहत भूमि से संबंधित कार्यवाही नहीं किए जाने का मामला रखा। डीएम ने पुनर्वास निदेशालय को संबंधित गांव की पत्रावलियों का परीक्षण कर प्रकरण में की गई एवं प्रस्तावित कार्यवाही से एक सप्ताह के भीतर अवगत कराने के निर्देश दिए। डिबनू गांव के प्रतिनिधिमंडल ने भी पुनर्वास से जुड़े विभिन्न मामले रखे।

टैक्सी यूनियन अध्यक्ष टीकम चौहान ने बताया कि क्षेत्र में अभी तक टैक्सी स्टैंड का निर्माण नहीं हुआ है। निदेशालय ने शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। विधायक किशोर ने कहा कि पुनर्वास से संबंधित कुछ मामले अभी भी लंबित हैं। मामलों की प्रगति की समीक्षा के लिए करीब तीन सप्ताह बाद पुनः संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक में टीएचडीसी के सीजीएम आरआर सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, टीएचडीसी के जीएम विजय सहगल, डीजीएम राकेश थपलियाल, ईई पुनर्वास शक्ति चमोली, सभासद विजय कठैत, दिनेश डोभाल, शीशराम थपलियाल मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी