जीबीपीआईईटी में प्लेसमेंट का आंकड़ा 53 फीसदी पहुंचा, 220 विद्यार्थियों को मिली नौकरी
पौड़ी गढ़वाल, 30 सितंबर (हि.स.)।गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान प्लेसमेंट में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अंतिम वर्ष के 415 विद्यार्थियों में से 220 विद्यार्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ, जिससे संस्थान का प्लेसमेंट प्रतिशत बढ़कर 53.01 फीसदी पहुंच गया। वहीं 25 विद्यार्थियों ने गेट परीक्षा उत्तीर्ण की। इस तरह कुल 245 विद्यार्थियों यानी करीब 59 फीसदी ने रोजगार या उच्च शिक्षा की दिशा में कदम बढ़ाया।
इस सत्र में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, गाजियाबाद ने 16 विद्यार्थियों का 14 लाख रुपये सालाना पैकेज पर चयन किया, जो संस्थान का इस सत्र का सर्वाधिक पैकेज रहा। चयनित विद्यार्थियों में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग व सीएसई (एआईएमएल) के विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा पर्सेर्वेक्स में 8 लाख, एवेंटआईक्यू में 6 लाख और सीआईएनटी में 5 लाख रुपये सालाना तक के पैकेज पर विद्यार्थियों का चयन हुआ। नोकिया, केईआई इंडस्ट्रीज, स्मार्टबॉटिक्स, हाई-टेक्नेक्स्ट इंजीनियरिंग एंड टेलीकॉम, टेक्नोस्ट्रक्चर समेत कई कंपनियों ने भी विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर दिए।
संस्थान के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में 437 विद्यार्थियों में से 113 यानी 25.86 फीसदी का प्लेसमेंट हुआ था। वर्ष 2024-25 में 340 में से 152 यानी 44.71 फीसदी विद्यार्थियों को रोजगार मिला। इस वर्ष 415 में से 220 विद्यार्थियों के चयन के साथ प्लेसमेंट दर 53.01 फीसदी हो गई है।
डीन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट डॉ. केएस भाटिया ने बताया कि विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार करने के लिए नियमित प्रशिक्षण और रोजगारपरक गतिविधियों पर जोर दिया गया। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वीके बंगा ने कहा कि उद्योगों के साथ संपर्क, कौशल विकास और प्रशिक्षण को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि अधिक विद्यार्थियों को रोजगार एवं उच्च शिक्षा के अवसर मिल सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

