home page

नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, सभी विभागों को किया हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश

 | 
नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, सभी विभागों को किया हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश


नैनीताल, 01 जुलाई (हि.स.)। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 2 और 3 जुलाई को जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चेतावनी के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि भारी वर्षा के कारण भूस्खलन, पेड़ों के गिरने तथा मोटर मार्गों के बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनों और गैंग कार्मिकों के साथ 24 घंटे तैनात रहेगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिला, परगना एवं विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन आईआरएस प्रणाली के नामित अधिकारी अपने मुख्यालयों पर मौजूद रहेंगे।

तहसील स्तर पर गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल भी पूरी तरह अलर्ट रहेंगे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने तथा प्रत्येक घंटे आपदा संबंधी सूचनाएं तहसील कंट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि 2 और 3 जुलाई के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल नंबर 8272080884 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी