30 जुलाई के लिए भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट, अधिकारियों को किया हाई अलर्ट पर
नैनीताल, 29 जुलाई (हि.स.)। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 30 जुलाई के लिए जनपद नैनीताल में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहकर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलबा अथवा पेड़ गिरने से यातायात बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर मार्गों को शीघ्र सुचारु किया जाए। लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों तथा गैंग कर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मुख्यालय पर उपलब्ध रहेंगे तथा अपने चौबीसों घंटे मोबाइल फोन चालू रखेंगे। तहसील स्तर पर गठित त्वरित प्रतिक्रिया दलों को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों हेतु आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने तथा अनावश्यक रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। आपदा अथवा आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल नंबर 8272080884 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

