home page

आंधी-तूफान से पौड़ी परिसर में वाहनों पर गिरे पेड़

 | 
आंधी-तूफान से पौड़ी परिसर में वाहनों पर गिरे पेड़


पौड़ी गढ़वाल, 03 मई (हि.स.)। रविवार को सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। अचानक आसमान काले बादलों से घिर गया। आंधी तूफान के साथ बारिश हुई। बारिश से आमजनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। मौसम बदलने से ठंडक महसूस हो रही है। बारिश से वन विभाग व जल संस्थान को राहत भी मिली है।

वहीं, बीते शनिवार की देर रात को आंधी तूफान से पौड़ी परिसर में दो वाहनों पर पेड़ गिर गए। रविवार को फायर स्टेशन पौड़ी को सूचना प्राप्त हुई कि पौड़ी परिसर में खड़े कुछ वाहनों पर पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है और गाडियां दबी हुई हैं। सूचना मिलते ही फायर यूनिट आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। फायर यूनिट के एलएफएम धर्मेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि रात्री में हुए तेज आंधी-तूफान के चलते कॉलेज परिसर में खड़े वाहनों के ऊपर दो बड़े एवं भारी पेड़ गिर गए थे, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।

फायर यूनिट टीम द्वारा सतर्कता और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए वुडन कटर मशीन का प्रयोग कर गिरे पेड़ों को छोटे-छोटे हिस्सों में काटा गया, जिससे वहानों को बिना अतिरिक्त नुकसान पहुंचाए सुरक्षित हटाया जा सके। टीम की कड़ी मेहनत और समन्वय के बाद पेड़ों को पूरी तरह हटा दिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन दोनों वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं, परिसर निदेशक डा.यूसी गैरोला ने बताया कि अभी भी परिसर में कई पेड़ खतरा बना हुए है।

उन्होंने डीएम से इन पेड़ों को हटाने की मांग की है। पुलिस टीम में डीवीआर शमशेर सिंह चौहान, यशपाल सिंह रावत, दीपक सिंह रावत, संजय सिंह, जय सिंह शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह