बमठी में शूटरों ने गुलदार को किया ढेर
पौड़ी गढ़वाल, 08 मई (हि.स.)। गढ़वाल वन प्रभाग के बमठी गांव में वन विभाग के शूटरों ने एक गुलदार को ढेर किया है। हालांकि ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में अभी भी वन विभाग की टीम तैनात रहेगी।
बमठी गांव में बीते 23 अप्रैल को घर के पास खेत में घास काट रही 70 साल की सीता देवी को गुलदार ने निवाला बना लिया था। ग्रामीणों ने बताया था कि महिला को निवाला बनाने वाले दो गुलदार थे। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताते हुए गुलदार को मारने की मांग की थी। जिसके बाद वन विभाग ने मशहूर शिकारी जाय हुकिल, विभागीय शूटर सहित 20 कार्मिकों की टीम मौके पर तैनात की।
डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि क्षेत्र में लगातार टीम तैनात की गई थी। बताया कि बीते गुरुवार की देर रात को एक गुलदार को अंतिम विकल्प के रुप में मार दिया गया है। बताया कि मृत गुलदार 7 से 8 वर्ष का नर है। उसके एक पांव में चोट भी है। पशुचिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

