home page

काला फीता बांधकर दी नर्सिंग अफसरों ने सेवा

 | 
काला फीता बांधकर दी नर्सिंग अफसरों ने सेवा


पौड़ी गढ़वाल, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिला अस्पताल पौड़ी में नर्सिंग अफसरों ने काला फीता बांधकर सेवाएं दी। नर्सिंग अफसरों में जिला अस्पताल बौराड़ी टिहरी में सफाई व्यवस्था प्रकरण में एक नर्सिंग अफसर के निलंबन के निर्देश पर नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर एक नर्सिंग अफसर को निशाना बनाया जाना बिल्कुल भी न्याय संगत नहीं है। प्रकरण में कोई कार्रवाई अमल में लाई जाती है, तो नर्सिंग अफसर आंदोलन की राह पर चलने को मजबूर हो जाएंगे।

मंगलवार को जिला अस्पताल पौड़ी में नर्सिंग अफसरों ने काला फीता बांधकर सेवाएं दी। इस मौके पर उत्तराखंड नर्सेज सर्विसेज एसोसिएशन की पौड़ी जिलाध्यक्ष शिप्रा गुसांई, महामंत्री सोनाली नेगी व कोषाध्यक्ष स्मिता बिष्ट ने बताया कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ने बीते दिनों जिला अस्पताल बौराड़ी टिहरी का निरीक्षण किया था। जहां सफाई व्यवस्था में हीलाहवाली पाए जाने पर एक वरिष्ठ नर्सिंग अफसर को निलंबित किए जाने के निर्देश दिए गए।

बताया कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी ठेकेदार, सफाई कर्मचारी व सुपरवाइजर की है। जिसकी निगरानी अस्पताल प्रशासन द्वारा की जाती है। लेकिन यहां केवल एक नर्सिंग अफसर को निशाना बनाया गया है। जो किसी भी तरह न्याय संगत नहीं है। कहा कि नर्सिंग अफसर से धैर्य के साथ बात की जाती, तो वह यथा स्थिति को स्पष्ट कर सकती थी। लेकिन उसे मौका ही नहीं दिया गया।

बताया कि नर्सिंग सेवा बहुत ही जटिल कार्य करने वाला संवर्ग है। जो महिला प्रधान सेवा है। उन्होंने कहा कि प्रकरण में किसी तरह की कार्रवाई नर्सिंग अफसर पर की जाती है, तो उत्तराखंड नर्सेज सर्विसेज एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी के साथ एकजुटता से आंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर सहायक नर्सिंग सुप्रीटेंडेंट कमला नेगी, नर्सिंग अफसर सुनीता आर्या, सुषमा रानी, संगीता नेगी, पद्मिनी, पूनम आर्य, रिहाना आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह