home page

एनएसयूआई उम्मीदवार के समर्थन में कांग्रेस ने बनाई रणनीति

 | 
एनएसयूआई उम्मीदवार के समर्थन में कांग्रेस ने बनाई रणनीति


हल्द्वानी, 23 सितंबर (हि.स.)। छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई प्रत्याशी मेहुल शाह के समर्थन को लेकर बुधवार को स्वराज आश्रम में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में चुनावी रणनीति, छात्रहितों से जुड़े मुद्दों और विद्यार्थियों के बीच जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, नैनीताल जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल सहित कांग्रेस, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

सुमित हृदयेश ने कहा कि छात्रसंघ विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का मंच है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विद्यार्थियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को जानने तथा चुनाव के दौरान अनुशासन और समन्वय के साथ काम करने को कहा।

गोविंद सिंह बिष्ट और राहुल छिमवाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एनएसयूआई के साथ समन्वय बनाकर विद्यार्थियों के बीच पहुंचेंगे। उन्होंने छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।

मेहुल शाह ने संगठन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं, बेहतर शैक्षणिक वातावरण, छात्र सुविधाओं और पारदर्शी व्यवस्था को वे प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास विद्यार्थियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सामने लाना रहेगा।बैठक में चुनावी तैयारियों को गति देने और विद्यार्थियों के बीच जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता