home page

दशहरा पर कर्मियों ने जलाया एनपीएस-ओपीएस रूपी रावण का पुतला

 | 
दशहरा पर कर्मियों ने जलाया एनपीएस-ओपीएस रूपी रावण का पुतला


नई टिहरी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दशहरा के अवसर पर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा कीर्तिनगर के बैनर तले कर्मचारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की एनपीएस व यूपीएस पेंशन व्यवस्था के विरोध में एनपीएस-यूपीएस रूपी रावण का दहन किया। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आर पार की लड़ाई का ऐलान किया।

मंगलवार शाम को दशहरा पर प्रतीकात्मक रूप से किए गए रावण दहन के माध्यम से कर्मचारियों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए सरकार से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई। गढ़वाल मंडल महासचिव राजीव उनियाल ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए कर्मचारी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं।

जप-तप, लंबी-लंबी पैदल यात्राएं, भूख हड़ताल और तहसील से लेकर जिला, मंडल तथा सचिवालय स्तर तक घेराव जैसे आंदोलन किए जा चुके हैं। बावजूद सरकार सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने 2 नवंबर को देहरादून में प्रस्तावित सचिवालय घेराव कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप मैठाणी ने कहा कि ओपीएस की मांग को लगातार नजरअंदाज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत लिंगवाल ने पुरानी पेंशन के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांग पर तत्काल गंभीरता से विचार करना चाहिए। अन्यथा 2027 के विधानसभा चुनाव में कर्मचारी सरकार को सबक सिखाएंगे। इस मौके पर दीपक मिंया, जगमोहन पुंडीर, राहुल कुमार, विनोद चौहान, सोहन कोहली, अमित नौडियाल, दीपक मियां मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी