home page

धंस गई दीवार 50 लाख स्वाहा

 | 

गुप्तकाशी, 30 जुलाई (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रामपुर स्थित सिंक जोन में निर्मित करीब 50 लाख रुपये की सुरक्षा दीवार धंस गई है। सुरक्षा दीवार के धंसने से मोटर मार्ग का बड़ा हिस्सा भी प्रभावित हो गया है, जिससे इस स्थान पर आवाजाही करना जोखिम भरा हो गया है।

जानकारी के अनुसार, केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर रामपुर के समीप पिछले कई वर्षों से लगभग 40 मीटर मोटर मार्ग सिंक जोन की चपेट में है। राष्ट्रीय राजमार्ग ने इस स्थान के स्थायी उपचार के लिए लाखों रुपये खर्च किए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसी वर्ष यहां पक्की सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया गया था, जो इस सीजन की बारिश में ही धंस गई। स्थानीय निवासी विक्रम सिंह ने बताया कि इस क्षेत्र में कई वर्षों से लगातार भू-धंसाव हो रहा है। विभाग ने इसे रोकने के लिए सुरक्षा दीवार तो बना दी, लेकिन जब यह स्थान पहले से ही सिंक जोन के रूप में चिन्हित है, तब भी स्थायी समाधान नहीं खोजा गया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष अस्थायी कार्यों पर धन खर्च किया जाता है, जबकि समस्या जस की तस बनी हुई है।

राष्ट्रीय राजमार्ग के सहायक अभियंता ओंकार पांडे ने बताया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा इस स्थान पर निर्माण कार्य अभी भी जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस स्थान के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन