home page

एनजीटी के सदस्य डॉ.अहमद ने की पर्यावरणीय कार्यों की समीक्षा, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की सराहना

 | 
एनजीटी के सदस्य डॉ.अहमद ने की पर्यावरणीय कार्यों की समीक्षा, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की सराहना


नैनीताल, 02 जून (हि.स.)। एनजीटी यानी राष्ट्रीय हरित अधिकरण के सदस्य न्यायमूर्ति डॉ. अफरोज अहमद ने मंगलवार को नैनीताल क्लब में जनपद की पर्यावरणीय स्थिति तथा एनजीटी के आदेशों के अनुपालन की समीक्षा बैठक की। उन्होंने नैनीताल झील के संरक्षण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, वायु एवं जल गुणवत्ता, नदी-नालों और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

डॉ. अहमद ने कहा कि पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने के लिए नदी-नालों, प्राकृतिक जलधाराओं तथा नौलों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने नैनी झील में प्रदूषण रोकने, झील के चारों ओर ड्रेनेज प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए स्थल चयन करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि उसका प्रतिकूल प्रभाव नदी, नालों और जल स्रोतों पर न पड़े।

बैठक में पर्यटन सत्र के दौरान बढ़ने वाले कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्रोत के स्तर पर ही गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा नगरीय क्षेत्रों में घर-घर से शत-प्रतिशत कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। उन्होंने एनजीटी के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और नियमित अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने मंडल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि रुद्रपुर स्थित पुराने ठोस अपशिष्ट डंप का पूर्ण निस्तारण किया जा चुका है। उन्होंने नैनीताल में प्रस्तावित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट, नई सीवरेज लाइन, सूखाताल पुनर्जीवन योजना तथा विभिन्न जनपदों की सीवरेज परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने तेज एलईडी प्रकाश और ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। वहीं नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जनपद से प्रतिदिन लगभग 230 मीट्रिक टन कूड़ा एकत्रित कर हल्द्वानी के गौलापार स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में पहुंचाया जाता है। वहां शीघ्र ही 250 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाली आधुनिक कचरा निस्तारण मशीन स्थापित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ट्रंचिंग ग्राउंड में पूर्व से एकत्रित 2.27 लाख मीट्रिक टन कूड़े में से 1.75 लाख मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जा चुका है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी