home page

नए छात्रों का हषोल्लास के साथ किया स्वागत

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 12 अप्रैल (हि.स.)। भुवनेश्वरी स्थित ब्रिगेडियर विद्याधर जुयाल संस्कृत विद्यालय में नवप्रवेशित छात्रों का प्रवेश उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। स्कूल परिसर में नए विद्यार्थियों का स्वागत ढोल-दमाऊ, शंख एवं घंटियों की पवित्र ध्वनियों तथा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच तिलक एवं माल्यार्पण कर अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। स्कूल की समृद्ध परंपरा के अनुरूप सभी नए छात्रों का एक साथ भव्य आगमन और अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्सव की भावना से सराबोर हो उठा।

विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र जुयाल ने सभी नवप्रवेशित छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य अनुसूया प्रसाद सुंदरियाल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इस प्रतिष्ठित गुरुकुल में अध्ययन का अवसर मिला है, वे पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हों।

छात्रावास अधीक्षक नवीन जुयाल ने बताया कि स्कूल में प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में छात्र आवेदन करते हैं। अध्यापक डा. नवीन ममगांई, डा. अनूप कुकरेती ने बताया कि इस वर्ष 50 से अधिक छात्रों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया, लेकिन आवासीय व्यवस्थाओं के कारण केवल 31 छात्रों को ही प्रवेश दिया जा सका।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह